हाथरस, 17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्री दाऊजी महाराज मेला प्रांगण स्थित मेला पंडाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्योग विभाग की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत जनपद की कुल 48 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया। इससे महिलाओं को अपने हुनर के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ब्रज शरद माहेश्वरी, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित कीं।इस मौके पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उद्देश्य परंपरागत कार्य एवं हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को प्रशिक्षण, उपकरण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। सिलाई मशीन मिलने से महिलाओं को अपने कौशल को रोजगार में बदलने तथा परिवार की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मेला पंडाल में आयोजित कार्यक्रम में 10 महिला लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जबकि जनपद की अन्य तीन तहसीलों में 38 लाभार्थियों को मशीनें दी गईं। इस प्रकार जनपद में कुल 48 महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण किया गया।कार्यक्रम को सेवा संकल्प अभियान-2026 के उद्देश्यों से जोड़ते हुए महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।रिपोर्ट राजा पाठक

