
फतेहपुर : सदर अस्पताल में गुरुवार को इलाज के दौरान एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही और कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और मामले में जांच व कार्रवाई का भरोसा दिया।
मृतका की पहचान कुसुंभी गांव निवासी प्रेम देवी (60) पत्नी स्व. मुन्नीलाल के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, तबीयत खराब होने पर प्रेम देवी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था और पिछले कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को इलाज के दौरान डॉक्टर के कहने पर महिला को इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगने के बाद अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी परिजनों के अनुसार महिला को सांस लेने में परेशानी हुई और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इमरजेंसी में करीब 780 रुपये का इंजेक्शन बाहर से मंगाकर लगाया गया था। महिला की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। वहीं, मृतका के बेटे ने शुक्रवार को सीएमएस को प्रार्थना पत्र देकर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले की जांच कराने की बात कही गई है। हालांकि, महिला की मौत वास्तव में इंजेक्शन के कारण हुई या किसी अन्य चिकित्सकीय कारण से यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
