
हरदोई (अहिरोरी): विकासखंड अहिरोरी के गांव बम्हनिया गोंडाधार से एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां की निवासी बुजुर्ग महिला कृष्णा देवी लंबे समय से पन्नी और तिरपाल से बनी झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। पति के निधन के बाद से उनका परिवार बेहद तंगहाली में जीवन बिता रहा है। बारिश के दिनों में जलभराव और कीचड़ के बीच रहना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है पूजा-पाठ से जैसे-तैसे चल रहा गुजर-बसर कृष्णा देवी का बेटा कर्मकांड और पूजा-पाठ कराकर किसी तरह परिवार का पेट पालता है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार अपना पक्का मकान नहीं बनवा सका। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पक्के मकान की आस में कई बार प्रशासनिक दफ्तरों के चक्कर काटे, लेकिन अब तक कोई सरकारी सहायता या आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। सपा नेता पहुंचे गांव, जताया दर्द मामले की सूचना मिलने पर समाजवादी पार्टी के नेता रामज्ञान गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ गांव पहुंचे और कृष्णा देवी के घर जाकर उनकी स्थिति का मुआयना किया। बुजुर्ग महिला की हालत देख उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि यदि प्रशासन जल्द आवास स्वीकृत नहीं करता है, तो वह व्यक्तिगत स्तर पर परिवार की हरसंभव मदद करेंगे। प्रशासनिक अनदेखी पर उठाए सवाल रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि यह चिंताजनक है कि जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाएं नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छह महीने के भीतर ऐसे सभी बेघर और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान मुहैया कराया जाएगा। इस दौरान उनके साथ सच्चिदानंद त्रिपाठी, धर्मेंद्र यादव दीपू, कपिल यादव, शुभम गुप्ता, असलम गाजी, अंकित सिंह परौची, श्याम गुप्ता और सोनू गुप्ता समेत कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेकर कृष्णा देवी को तत्काल प्रभाव से पात्रता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाए।
