
महराजगंज। अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बृजमनगंज
पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम शिवपुर धोबीटोला में दबिश देकर कच्ची शराब बनाने के आरोप में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया। मौके से 12 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को क्षेत्र में अवैध शराब निष्कर्षण की सूचना पर थाना बृजमनगंज पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। दबिश के दौरान शारदा पटेल (45), बिन्दु पटेल (47) और सरिता उर्फ रीना पटेल (25) को पकड़ा गया। तीनों के कब्जे से छह बोतलों में कुल 12 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई।
इसके अलावा टीम ने चार एल्युमिनियम के पतीले, दो चोंगा, तीन 50-50 लीटर के जरीकैन, पांच किलोग्राम गुड़ और दो किलोग्राम नौसादर भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार, यह सामग्री कच्ची शराब तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही थी।
मामले में थाना बृजमनगंज पर मु0अ0सं0 230/2026, धारा 60(1) और 60(2) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र के नेतृत्व में बृजमनगंज पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
