
दातागंज बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के लिए 25 सितंबर को दातागंज तहसील पर प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
बाढ़ कटान रोकने में विफल रही योगी सरकार – अजीत यादव
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
बदायूँ। 24 सितंबर। बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं के समाधान और दातागंज को बाढ़ मुक्त कराने के लिए कांग्रेस 25 सितंबर को दातागंज तहसील पर प्रदर्शन करेगी।कांग्रेस का बाढ़ मुक्त दातागंज अभियान गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रहा । गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने दातागंज तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन बाढ़ प्रभावित ग्रामों में बाढ़ पीड़ितों से संवाद किया । ग्रामीणों ने बताया कि रामगंगा की बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का अभी तक कोई सर्वे नहीं हुआ है। कोई मुआवजा नहीं दिया गया है। कटान लगातार जारी है। कटान रोकने को भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। बाढ़ पीड़ितों से संवाद के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि दातागंज भाजपा विधायक और भाजपा की डबल इंजन सरकार दातागंज तहसील क्षेत्र में बाढ़ कटान की समस्या का समाधान करने में विफल रहे।दर्जनों ग्रामों में हजारों किसानों की हजारों बीघा कृषि भूमि बाढ़ कटान के चलते कट कर रामगंगा और गंगा में समा गई है। सैकड़ों किसानों के मकान कट गए हैं। हजारों बीघा फसलें बाढ़ के पानी से बर्बाद हो गई हैं। अभी तक योगी सरकार ने नुकसान का सर्वे तक नहीं कराया है।उन्होंने बाढ़ से हुए फसलों और मकानों समेत हर नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा देने मांग उठाई।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि बाढ़ से कटी जमीनों के बदले किसानों को जमीन दिलाने और बाढ़ से हुए किसानों के नुकसान का सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाने को कांग्रेस संघर्ष करेगी।उन्होंने कहा कि मानपुर से सिमरिया और रुकुमपुर से भाऊ नगला तक बांध तटबंध बनाने और दातागंज को बाढ़ मुक्त कराने के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

कहा कि हजरतपुर गढ़िया रंगीन मार्ग को हर्रामपुर तक पांच फीट ऊंचा किया जाए और पुलिया बनाई जाए जिससे कि आवागमन बंद न हो।कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि दातागंज तहसील क्षेत्र में बाढ़ के स्थाई समाधान के लिए बाढ़ पीड़ितों को मुआवजे समेत जनसमस्याओं के समाधान को 25 सितंबर को दातागंज तहसील पर कांग्रेस प्रदर्शन करेगी और उपजिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी। बाढ़ मुक्त दातागंज अभियान के तहत गुरुवार को नगरिया खनू , कटकौरा, पट्टी बिजा, लालपुर खादर , कुंडरा मझरा समेत आधा दर्जन ग्रामों में बाढ़ पीड़ितों से संवाद किया गया।अभियान के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के साथ यूथ कांग्रेस दातागंज ब्लॉक अध्यक्ष विजय बहादुर, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष नवनीत यादव,ओमप्रकाश , सुरेंद्र सिंह , प्रवेश यादव एवं अवनीश समेत दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।
