रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज (लखीमपुर)
टेड़वा। ग्राम पंचायत टेड़वा के मजरा खजुरिया में आंधी-बारिश के दौरान पेड़ गिरने से आंगनवाड़ी केंद्र के भवन को काफी नुकसान पहुंचा है। पेड़ की भारी डालियां गिरने से केंद्र की छत और दीवारों में दरारें आ गई हैं। घटना के बाद से भवन की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, आंधी-बारिश के दौरान पेड़ की डालियां आंगनवाड़ी केंद्र के भवन पर जा गिरीं, जिससे छत और दीवारों को क्षति पहुंची। भवन में जगह-जगह दरारें दिखाई दे रही हैं। वहीं, भवन का बाहरी हिस्सा भी लंबे समय से उचित देखरेख के अभाव में जर्जर हालत में नजर आ रहा है। केंद्र के आसपास का परिसर और वहां तक पहुंचने वाला रास्ता भी बदहाल स्थिति में है, जिससे बच्चों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
आंगनवाड़ी केंद्र में गांव के छोटे-छोटे नौनिहालों का नियमित रूप से आना-जाना रहता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त छत और दीवारों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते भवन की जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं ग्राम पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर आंगनवाड़ी केंद्र के भवन का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। साथ ही भवन की वास्तविक स्थिति का आकलन कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि केंद्र में आने वाले बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कदम उठाना चाहिए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी केंद्र का कब तक निरीक्षण कराते हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर क्या आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
