रिपोर्ट-स्वामीनाथ कुमार
बहुआयामी समाचार
सिद्धार्थनगर। सनई स्थित जय किसान इंटर कॉलेज में जलजमाव की समस्या को लेकर सोमवार को छात्रों का आक्रोश सामने आया। विद्यालय परिसर में लगातार बारिश के बाद पानी जमा होने से पढ़ाई और आवागमन प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए। छात्रों ने बस्ती–सिद्धार्थनगर मार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया।

छात्रों के मुताबिक, विद्यालय परिसर में लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण परिसर में पानी जमा होने से विद्यालय आने-जाने में छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि जलजमाव के कारण पठन-पाठन का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर छात्रों ने विद्यालय से बाहर निकलकर मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लगने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी हुई।

छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि विद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। उनका कहना है कि जब तक पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होगी, तब तक बारिश के दौरान समस्या दोबारा उत्पन्न होती रहेगी।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की। पुलिस ने छात्रों की समस्याओं को सुना तथा उन्हें समझाकर मार्ग पर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।
छात्रों ने जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते है।
