आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया
हाथरस। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जनपद के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का विशेष पंजीकरण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्रों में पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का पंजीकरण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की।
अभियान का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और कन्या जन्म को प्रोत्साहित करना है। इस दौरान महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति भी जागरूक किया गया।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र महमूदपुर बरसे पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। सांसद ने गर्भवती महिलाओं से गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपने क्षेत्रों की गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का नियमित गृह भ्रमण कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी समस्याओं की जानकारी लेने तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।
सांसद ने कहा कि सुपोषित परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जन-जागरूकता कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं। कुपोषण के विरुद्ध जनभागीदारी को मजबूत करते हुए स्वस्थ, सशक्त एवं सुपोषित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
रिपोर्ट राजा पाठक

