राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोली गई सील, सीसीटीवी व्यवस्था का भी किया निरीक्षण

हाथरस, 28 सितंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई निर्वाचन संबंधी इलेक्ट्रॉनिक मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, सील एवं निगरानी व्यवस्था का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण करना रहा।

निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के मुख्य दरवाजों पर लगी सीलों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष नियमानुसार खोला गया। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस के अंदर सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से भंडारित ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों का अवलोकन किया। उन्होंने मशीनों के रखरखाव एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को भी परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और इनके सुरक्षित भंडारण तथा निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वेयरहाउस में भंडारित सभी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनें पूरी तरह सुरक्षित हैं। वेयरहाउस की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात रहते हैं तथा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी वेयरहाउस में रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निर्धारित निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने भ्रमण पंजिका में हस्ताक्षर किए और निरीक्षण से संबंधित प्रक्रिया को पूरा किया गया।

इस दौरान प्रशासनिक कार्य प्रमुख भाजपा सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, जिला सचिव सीपीआईएम श्याम सिंह, बसपा जिला उपाध्यक्ष देवेश चौधरी, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार गौतम, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिपोर्ट राजा पाठक

3 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed