धर्मेन्द्र कसौधन(एमडी ब्यूरो)
महराजगंज। जनपद के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी निचलौल द्वारा थाना सोहगीबरवा क्षेत्रान्तर्गत स्थित रोहुवा नाला का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने रोहुवा नाला तथा उसके आसपास के इलाकों में जलस्तर की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी रवींद्र कुमार सिंह ने जलस्तर के घटने-बढ़ने की स्थिति, आसपास की परिस्थितियों तथा आमजन की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी थाना सोहगीबरवा पहुंचे और वहां मौजूद पुलिस बल से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए क्षेत्र में 24 घंटे लगातार गश्त एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए। जलस्तर में अचानक वृद्धि या कमी तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से भी सतर्क रहने और किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील की। पुलिस द्वारा रोहुवा नाला एवं आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
