धर्मेन्द्र कसौधन(एमडी ब्यूरो)
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के किशुन गौरी गांव में सोमवार को एक 17 वर्षीय किशोरी का शव घर में फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान माया पुत्री उमेश गौंड, उम्र करीब 17 वर्ष, निवासी किशुन गौरी के रूप में हुई है। मृतका की मां पूनम देवी द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि वह और उनके पति घर पर नहीं रहते हैं। उनकी बेटी माया अपनी दादी के साथ किशुन गौरी स्थित घर पर रहती थी। बताया गया कि माया सिसवा बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम भी करती थी।

परिजनों के मुताबिक, सोमवार 28 सितंबर को माया ने घर के अंदर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो किशोरी का शव छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ मिला।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया, जहां टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के साथ पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
