
‘आंगन उत्सव’ में गूंजी खुशियों की किलकारी, आंगनवाड़ी बहनों को साड़ी भेंट कर किया सम्मानित
रिपोर्ट मनीष कांत शर्मा
जगत, बदायूं ,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आंगन उत्सव’ का चतुर्थ दिवस विकासखंड जगत में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिला सम्मान, मातृ शक्ति और बाल कल्याण को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित करते हुए साड़ी भेंट की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं और बच्चों की सहभागिता से उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्हें साड़ी भेंट कर उनके कार्य और सेवाभाव के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।‘आंगन उत्सव’ के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गएआयोजकों ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और बच्चों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रारंभिक बाल विकास तथा मातृ-शिशु देखभाल के प्रति जागरूकता का कार्य किया जाता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मान देने के साथ ही समाज में बाल कल्याण और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जा रहा है।कार्यक्रम में संयोजक सीमा राठौर, मंडल प्रभारी दुष्यंत कुमार, मंडल अध्यक्ष अबनीश शाक्य, मंडल मंत्री अनुपम यादव, राघवेंद्र सिंह, भगवान दास, अमरजीत मिश्रा, विनोद पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
