आगरा,फतेहाबाद क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, खेत में मिला शव
फतेहाबाद। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के कछपुरा गांव में बुधवार देर शाम खेत में चारपाई पर सो रहे 35 वर्षीय प्रेमवीर की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने खेत में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कछपुरा निवासी प्रेमवीर (35) पुत्र राजवीर सिंह बुधवार देर शाम अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत पर गया था। बताया जा रहा है कि वह खेत में नीम के पेड़ के नीचे चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गुरुवार सुबह गांव के ही लालाराम शौच के लिए खेत की ओर गए। उन्होंने प्रेमवीर को चारपाई पर पड़ा देखा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर थाना फतेहाबाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर करीब 50 से 60 ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, प्रेमवीर हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है और हाल ही में एक मामले में जेल से सजा काटकर वापस लौटा था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है और उसके पुराने मामलों तथा हालिया गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था प्रेमवीर
परिजनों के अनुसार, प्रेमवीर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई धर्मवीर (50) अपने परिवार के साथ रहता है, जबकि मंझले भाई सोमवीर की करीब पांच वर्ष पहले हादसे में मौत हो चुकी है। प्रेमवीर की शादी नहीं हुई थी और वह अपनी मां लीलावती के साथ रहता था। उसके पिता की भी कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

5 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *