*✒️ *एम डी न्यूज़* अनूप कुमार रिपोर्टर इंचार्ज अयोध्या*🔮
अयोध्या। दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में शहर की साफ-सफाई, सड़क, नाली, रोड लाइट समेत पूजा और रामलीला समितियों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा अब कुछ समितियों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जनसहभागिता का उत्सव बन चुका है। उन्होंने समितियों से उत्सव को अनुशासित और व्यवस्थित तरीके से मनाने के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम समितियों के साथ है। वहीं, केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बैठक में भगवान जायसवाल की प्रतिमा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय दुर्गापूजा के संस्थापक श्रद्धेय भगवान जायसवाल की प्रतिमा नगर निगम की ओर से महानगर क्षेत्र के किसी प्रमुख चौराहे पर स्थापित कराई जाए और उस चौराहे का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाए।मनोज जायसवाल ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर इस बार उत्सव से जुड़े कार्य समय से पूरा कराएं, ताकि पूजा समितियों को अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी न हो।नगर आयुक्त जयंत कुमार ने पूजा समितियों से प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों से बचने और रासायनिक रंगों का इस्तेमाल न करने की अपील की। उन्होंने मिट्टी की मूर्तियों के प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि नगर निगम से जुड़े आवश्यक कार्य उत्सव से पहले पूरे करा दिए जाएंगे।केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने भी उत्सव से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए जल्द पूरा कराने की बात कही। बैठक का संचालन केंद्रीय समिति के संयोजक गगन जायसवाल ने किया। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न पूजा और रामलीला समितियों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।बैठक में टूटी सड़कों, नालों और नालियों पर पत्थर रखने, रोड लाइट तथा साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं भी उठीं। जोनल प्रमुखों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से नगर निगम अधिकारियों को अवगत कराया।बैठक में नगर निगम के अधिकारी, केंद्रीय समिति के पदाधिकारी, पार्षद, रामलीला समितियों के प्रतिनिधि और विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

