
बदायूं को जाम से मिलेगी बड़ी राहत, बाईपास पर बनेगा दूसरा रोडवेज बस अड्डा *
एआरटीओ कार्यालय के पास जमीन चिह्नित, प्रस्ताव तैयार; शासन की मंजूरी मिलते ही शुरू होगा निर्माण
रिपोर्टर प्रदीप पांडेय बदायूं
बदायूं। शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए बाईपास पर दूसरा रोडवेज बस अड्डा बनाने की तैयारी तेज हो गई है। एआरटीओ कार्यालय के पास बस अड्डे के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है और प्रस्ताव भी तैयार हो चुका है। जिला प्रशासन की मंजूरी के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।शहर के बीचोंबीच मौजूदा रोडवेज बस अड्डा होने के कारण दिल्ली, मुरादाबाद और बरेली समेत विभिन्न रूटों की बसों को शहर के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है। संकरी सड़कों, अतिक्रमण और बढ़ते यातायात के बीच शहीद भगत सिंह चौक से लालपुल तक अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसका असर यात्रियों के साथ शहर की पूरी यातायात व्यवस्था पर पड़ता है।बाईपास से ही गुजरेंगी लंबी दूरी की बसेंप्रस्तावित बस अड्डा बनने के बाद लंबी दूरी की कई बसों को शहर के अंदर आने की जरूरत नहीं होगी। बाईपास से सीधे बसों का संचालन होने पर शहर के मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि इससे जाम की समस्या काफी हद तक नियंत्रित हो सकती है और बसों के संचालन में भी समय की बचत होगी।बस अड्डे के आसपास बढ़ेगा कारोबारनए बस अड्डे के निर्माण से बाईपास क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

बस अड्डे के आसपास दुकानें, होटल और ढाबे खुलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। इससे बाईपास क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।डीएम-एसएसपी कर चुके हैं बाईपास का निरीक्षणयातायात की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने पिछले दिनों बाईपास क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इसके बाद दूसरे बस अड्डे के प्रस्ताव को आगे बढ़ाया गया है।एडीएम प्रशासन मानवेंद्र सिंह के अनुसार, बाईपास पर दूसरे रोडवेज बस अड्डे के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है और प्रस्ताव तैयार है। जिला प्रशासन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
