जिला कारागार में अचानक पहुंचे प्रशासनिक न्यायमूर्ति सुरक्षा, बैरक, साफ-सफाई और बंदियों के खान-पान की परखी व्यवस्था, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
फतेहपुर। जिला कारागार फतेहपुर में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री सैय्यद कमर हसन रिजवी ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से कारागार प्रशासन में हलचल रही।प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही बंदियों की आवासीय बैरकों, साफ-सफाई, खान-पान समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार परिसर में व्यवस्थाओं को बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी भी ली।अभिलेखों का भी किया अवलोकननिरीक्षण के दौरान प्रशासनिक न्यायमूर्ति ने कारागार के विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कारागार प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और जेल में अनुशासन बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए और कारागार प्रशासन को निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करने को कहा।अधिकारियों में मचा रहा हड़कंपऔचक निरीक्षण के दौरान कारागार के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। निरीक्षण के समय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), जेल अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।प्रशासनिक न्यायमूर्ति के निरीक्षण को कारागार की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

