धर्मेन्द्र कसौधन(एमडी ब्यूरो)
महराजगंज। पत्रकारों के हितों, उनकी समस्याओं और संगठन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन सदर महराजगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक सदर ब्लॉक परिसर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े पत्रकारों एवं पदाधिकारियों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही विभिन्न चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा करते हुए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान पत्रकार उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने कहा कि समाचार संकलन एवं जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के दौरान पत्रकारों को कई बार विभिन्न प्रकार की परेशानियों और दबाव का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं, इसलिए उनके साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर भी गहन विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को तहसील, ब्लॉक एवं ग्रामीण स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही संगठन की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाने पर सहमति बनी।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है, जब सभी पत्रकार आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट होकर पत्रकार हित में कार्य करें। बैठक के दौरान पत्रकारों की समस्याओं पर नियमित रूप से चर्चा करने तथा जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से अपनी बात रखने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर टीएन गुप्ता, पंकज मणि त्रिपाठी, संजय, समीर सिद्दीकी, सूरज प्रजापति, शिवम मिश्रा, अरुण मिश्रा, सगीर अहमद, धर्मेन्द्र कसौधन, सज्जाद अली, आफताब आलम सहित अन्य पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पत्रकारों की एकता और संगठन के विस्तार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

