वाराणसी कैंट स्टेशन पर 48 पाउच अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

जीआरपी की कार्रवाई, 8.64 लीटर शराब बरामद; आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज

वाराणसी। जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर में चोरी की घटनाओं की रोकथाम एवं अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 48 पाउच अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 8.64 लीटर और अनुमानित कीमत 7,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार रविवार को जीआरपी कैंट की टीम प्लेटफॉर्म व सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पानी वाले स्थान के पास एक युवक संदिग्ध हालत में बैग लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामबली महतो पुत्र स्वर्गीय रणछोड़ महतो, उम्र करीब 38 वर्ष, निवासी नगरपुर, जिला बक्सर, बिहार बताया। तलाशी लेने पर उसके बैग से मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की के 48 पाउच, प्रत्येक 180 एमएल, बरामद हुए। पुलिस ने नियमानुसार शराब को कब्जे में लेकर सील किया और बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई।
जीआरपी कैंट थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 309/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रजनी नागर, उपनिरीक्षक राकेश, एएसआई राकेश सिंह (CIB BSB), हेड कांस्टेबल अनुराग, हेड कांस्टेबल प्रमोद राय (RPF BSB), कांस्टेबल इंद्रजीत तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *