नई सुबह संस्थान में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर भव्य समारोह, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हस्तियों व कर्मचारियों का सम्मान

दिव्य मानस सेवा सम्मान–2026 और पर्सन ऑफ द ईयर–2026 से नवाजे गए प्रतिभाशाली व्यक्तित्व, दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

वाराणसी, नई सुबह संस्थान, वाराणसी में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस एवं वार्षिक समारोह के अवसर पर दिव्य मानस सेवा सम्मान–2026 और पर्सन ऑफ द ईयर–2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण तथा समाज सेवा और पुनर्वास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थान के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति आचार्य संजय सिंह तथा उत्तर प्रदेश के राज्य दिव्यांगजन आयुक्त प्रो. हिमांशु शेखर झा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में अनिल कुमार मिश्रा, प्रो. डॉ. कमलेश कुमार द्विवेदी, 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, जौनपुर के जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश नायक, सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष कुमार झा, डॉ. शैलेश कुमार राय, डॉ. राजेश श्रीवास्तव और डॉ. ओम प्रकाश सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।
संस्थान के निदेशक डॉ. अजय तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मानसिक स्वास्थ्य, पुनर्वास, विशेष शिक्षा और दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेहतर जीवन के लिए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, समय पर परामर्श एवं उपचार और समाज का सहयोग बेहद जरूरी है।
समारोह में नई सुबह विशेष विद्यालय के दिव्यांग बच्चों और नई सुबह इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड बिहेवियरल साइंसेज के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता ने अतिथियों का मन मोह लिया। उपस्थित लोगों ने उनकी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षकों और संस्थान के कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
छह विभूतियों को मिला दिव्य मानस सेवा सम्मान
समाज सेवा, मानसिक स्वास्थ्य और दिव्यांगजन सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिव्य मानस सेवा सम्मान–2026 से छह लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह, प्रो. डॉ. कमलेश कुमार द्विवेदी, वॉइस ऑफ आयुर्वेद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं बोर्ड ऑफ इंडियन मेडिसिन के पूर्व कुलपति डॉ. शैलेश कुमार राय, एनआईएमए उत्तर प्रदेश के महासचिव डॉ. राजेश श्रीवास्तव, एनआईएमए केंद्रीय परिषद उत्तर प्रदेश के सहायक सचिव डॉ. ओम प्रकाश सिंह तथा जौनपुर के जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राजेश नायक शामिल रहे।
छह कर्मचारियों को मिला पर्सन ऑफ द ईयर सम्मान
संस्थान की विभिन्न इकाइयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह कर्मचारियों को पर्सन ऑफ द ईयर–2026 से सम्मानित किया गया। इनमें उप निदेशक एवं पुनर्वास मनोवैज्ञानिक अर्पिता मिश्रा, विशेष शिक्षिका कंचन राय, मल्टीस्पेशियलिटी क्लिनिक एवं वेलनेस सेंटर की समन्वयक राधिका देवी, शाहगंज स्थित मानसिक स्वास्थ्य केंद्र के समन्वयक शिव कुमार पांडेय, आयुर्वेद विज्ञान संस्थान के डीन डॉ. सुरेंद्र कुमार तथा किड्ज केयर प्री-स्कूल की शिक्षिका खुशी राय शामिल रहीं। सम्मानित कर्मचारियों के योगदान और समर्पण की सराहना की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में निदेशक डॉ. अजय तिवारी के नेतृत्व में संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के अंत में संस्थान की ओर से सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, दिव्यांगजनों के सम्मान और समावेशी समाज के निर्माण का संदेश दिया।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *