
शक्ति डायग्नोस्टिक में डॉ. तनु सिंह की पहल, महिलाओं ने खुलकर साझा कीं मानसिक परेशानियां
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर वीरांगना क्षत्रिय महासभा की महिलाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
वाराणसी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गिलट बाजार स्थित शक्ति डायग्नोस्टिक सेंटर में न्यूरोसाइकियाट्रिस्ट डॉ. तनु सिंह की पहल पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें वीरांगना क्षत्रिय महासभा की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपनी मानसिक परेशानियों को बिना किसी झिझक के साझा करने के लिए प्रोत्साहित करना था। डॉ. तनु सिंह के प्रोत्साहन से महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सलाह प्राप्त की।
इस दौरान महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि मानसिक परेशानियों को छिपाने के बजाय उनके बारे में खुलकर बात करना और समय पर उचित परामर्श लेना जरूरी है। कार्यक्रम ने महिलाओं को अपनी भावनाओं और समस्याओं को साझा करने के लिए एक सहज वातावरण प्रदान किया।
