
रिपोर्टर: कैलाश सिंह यदुवंशी
लोकेशन: गोवर्धन, मथुरा।
गोवर्धन (मथुरा)। गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र (83) में चुनावी गतिविधियां तेज होने के बीच समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी महेश चंद्र शर्मा उर्फ ‘गोल्डी भैया’ का जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर वे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और उनकी समस्याओं को सुनते हुए समर्थन की अपील कर रहे हैं।
इसी क्रम में सपा प्रत्याशी महेश चंद्र शर्मा ‘गोल्डी भैया’ मुड़सेरस गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में हुए निधन के बाद शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद सपा प्रत्याशी ने गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया। इस दौरान कई स्थानों पर समर्थकों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं तथा ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। उन्होंने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और युवाओं से संवाद कर पार्टी की नीतियों एवं विकास संबंधी योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी।
जनसंपर्क के दौरान गोल्डी भैया ने सड़क, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का भरोसा भी दिलाया।
सपा प्रत्याशी के लगातार गांवों में पहुंचने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। वहीं, गांव-गांव में हो रहे जनसंपर्क को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्ट: कैलाश सिंह यदुवंशी, गोवर्धन, मथुरा।
