
रिपोर्टर: कैलाश सिंह यदुवंशी
लोकेशन: नौगांव, मथुरा।
नौगांव (मथुरा)। विकासखंड चौमुंहा के ग्राम नौगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलभराव और गंदगी के कारण मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के चलते अस्पताल परिसर में कई स्थानों पर पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल, जहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए, वहां परिसर की बदहाल स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। मरीजों और उनके परिजनों को गंदे पानी से होकर अस्पताल तक पहुंचना पड़ता है। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ने की आशंका है।
ग्रामवासी रवि ने स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों से परिसर की साफ-सफाई कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
वहीं, अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि इस समस्या के संबंध में कई बार उच्चाधिकारियों और ग्राम प्रधान गुड्डू को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। चिकित्सक के अनुसार, बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक परिसर में जमा रहता है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक कार्रवाई करते हैं और ग्रामीणों को जलभराव व गंदगी से राहत मिलती है।
रिपोर्ट: कैलाश सिंह यदुवंशी, जनपद मथुरा।
