बढ़ौली चौराहे से निकली रैली में यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने किया प्रतिभाग

रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र

सोनभद्र।सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत सोनभद्र पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर को थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बढ़ौली चौराहे से भव्य यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन श्री ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री सुधीर कुमार सिंह, यातायात प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रैली में यातायात पुलिस, डायल-112 और मिशन शक्ति की टीम ने स्कूटी एवं मोटरसाइकिल के माध्यम से प्रतिभाग कर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन पर जोर

जागरूकता रैली के माध्यम से वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की गई। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने तथा यातायात संकेतों एवं सड़क चिह्नों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने यातायात नियमों के पालन को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए आमजन से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। उन्होंने सुरक्षित यातायात व्यवस्था में नागरिकों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।

सोनभद्र पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान

यातायात माह नवंबर के दौरान सोनभद्र पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। याद रखें, आपकी सुरक्षा आपके परिवार की खुशियों से जुड़ी है।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed