बूथों पर पहुंचकर परखी मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, बीएलओ को दिए जरूरी निर्देश
रिपोर्ट-रफीउल्लाह खान
रामपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सिंह ने राजकीय रजा इंटर कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्रों के बूथ संख्या 149 से 159 तक का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर तैनात बीएलओ से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए अब तक प्राप्त आवेदनों और पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों एवं भरे गए प्रपत्रों की गहनता से जांच की और मौके पर चल रही कार्यवाही का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित मतदाताओं से संवाद भी किया ।

जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों का सावधानीपूर्वक परीक्षण करें और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर नियमानुसार उसका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। सभी बीएलओ निर्धारित समय पर अपने बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

जनपद में 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों प्रत्येक मतदान केंद्र पर स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवेदन भरने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6, नाम हटवाने के लिए प्रपत्र-7 तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए प्रपत्र-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
