ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
किसान यूनियन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तहसील सदर में प्रदर्शन कर तहसीलदार न्यायिक को सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन
रामपुर। शनिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तहसील सदर परिसर में एकत्र हुए। यहां उन्होंने किसानों एवं ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहीं तहसीलदार न्यायिक को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल-हर घर नल योजना के अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने, ऑनलाइन खाद बुकिंग प्रणाली बंद कराने, धान क्रय केंद्रों पर कस्तूरी धान की तौल की जांच कराने, नहरों की मानक के अनुरूप सफाई कराने तथा रात्रि में विद्युत चेकिंग बंद कराने सहित पांच मांगें उठाई गईं।

इस अवसर पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव उस्मान अली पाशा ने कहा कि तहसील सदर क्षेत्र के किसी भी गांव में अभी तक पानी की टंकी का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा कर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं की गई है। इतना ही नहीं, पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई सड़कों की भी मानक के अनुरूप मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि धान क्रय केंद्रों पर राइस मिलर्स, खाद्य विपणन विभाग एवं संबंधित क्रय एजेंसियों की मिलीभगत से किसानों के धान के स्थान पर बिहार से आए कस्तूरी धान की खरीद किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं। इससे वास्तविक किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने प्रशासन से सभी पांचों मांगों पर अलग-अलग जांच कराकर संबंधित विभागों से आख्या प्राप्त करने तथा समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष शाकिर अली, रेशमा खान, मोहम्मद फरमान, साहिल, समीर, गुफरान, इरशाद अली, दिनेश कुमार, विनोद कुमार सहित किसान यूनियन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
