रिपोर्ट _ मोहम्मद अशफाक

गोला गोकर्णनाथ खीरी। ब्लॉक बांकेगंज की ग्राम पंचायत हजरतपुर के राजस्व ग्राम बलारपुर में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिल गई है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही सड़क निर्माण की मांग अब धरातल पर उतरने लगी है। महरताला रोड मंडी मार्ग से सरदार दर्शन सिंह बाठ के फार्म होते हुए प्राथमिक विद्यालय तक लगभग 1000 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। सड़क निर्माण शुरू होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।

यह निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माण खंड-3 के माध्यम से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का शुभारंभ प्रधान संघ अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान हरजिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर कराया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों, श्रमिकों एवं कार्य में जुटे लोगों का मुंह मीठा कराकर उत्साहवर्धन किया। वहीं जेसीबी चालक सहित मौके पर मौजूद गणमान्य लोगों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।

सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि अब उन्हें जर्जर रास्तों और बरसात के दिनों में आवागमन की दुश्वारियों से राहत मिलेगी। खासकर प्राथमिक विद्यालय तक पक्की सड़क बनने से स्कूली बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

ग्रामीणों ने इस विकास कार्य पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पक्की सड़क बनने से गांव की आवागमन व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर सूखा सिंह, सुरेंद्र सिंह, परमजीत सिंह, राजू, फरीद अली, गुरपाल सिंह सहित तमाम क्षेत्रवासी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य शुरू कराने पर ग्राम प्रधान एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त किया।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed