विद्यालयों, बाजारों और गांवों में महिलाओं एवं बालिकाओं को अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर अपराधों से बचाव की दी जा रही जानकारी

सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लोगों को सुरक्षा एवं सतर्कता के प्रति जागरूक कर रही हैं।

अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन तथा सरकार की ओर से उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसके साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप एवं फिशिंग लिंक जैसे साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। लोगों को आगाह किया जा रहा है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण एवं पासवर्ड साझा न करें और बिना जांचे-परखे संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर सूचना देने की अपील की जा रही है।

सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की है। साथ ही आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आग्रह किया है। पुलिस का संदेश है कि जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षित समाज की मजबूत आधारशिला है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed