सीओ सदर एवं यातायात सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक, व्यापारियों की समस्याओं पर दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र। जनपद में व्यापारी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, समस्याओं और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में सर्राफा व्यवसायियों, व्यापारियों, बैंक मित्रों, माइक्रो फाइनेंस कर्मियों, पेट्रोल पंप कर्मियों, टोल कर्मियों, टोल प्लाजा प्रबंधकों, प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याएं, सुझाव एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखे, जिनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने, अधिक धनराशि के लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भारी वाहनों के संचालन, टोल प्लाजा पर यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम जैसे विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं टोल प्लाजा प्रबंधन को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी सदर/यातायात सुधीर कुमार सिंह ने व्यापारियों एवं संबंधित प्रतिनिधियों से पुलिस प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग से जनपद में सुरक्षित व्यापारिक वातावरण और बेहतर यातायात व्यवस्था स्थापित करने में मदद मिलेगी।
