MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले), जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।
पंचूर (उत्तराखंड)/हरिद्वार। मां और बेटे का रिश्ता दुनिया के सबसे अनमोल रिश्तों में से एक होता है। इंसान कितना भी बड़ा पद हासिल कर ले, मां के सामने वह हमेशा एक बेटा ही रहता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में 21 नवंबर 2026 का दिन बेहद भावुक कर देने वाला रहा। अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आंखों से आंसू छलक पड़े। मां की अर्थी को अपने कंधों पर उठाते हुए उनका भावुक दृश्य हर किसी को संवेदनशील कर गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का 20 नवंबर को 91 वर्ष की आयु में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर गांव पहुंचे। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया गया कि वह पूरी रात मां के पार्थिव शरीर के पास रहे।
शनिवार सुबह जब मां की अंतिम यात्रा शुरू हुई तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया। इसके बाद पार्थिव शरीर को हरिद्वार के चंडीघाट स्थित नमामि गंगे घाट ले जाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी मां को मुखाग्नि उनके छोटे भाई ने दी। मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री कई बार भावुक नजर आए।
पिता के निधन का वह पुराना दर्द भी हुआ याद।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच वर्ष 2020 का कोरोना काल भी लोगों की स्मृतियों में ताजा हो गया। अप्रैल 2020 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय पूरा देश कोरोना महामारी की भयावह परिस्थितियों से गुजर रहा था। देश में लॉकडाउन लागू था और संक्रमण को रोकने के लिए लोगों की आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध थे।
एक ओर पिता के निधन का पारिवारिक दुख था, तो दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में करोड़ों लोगों की सुरक्षा और प्रदेश की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। इन्हीं परिस्थितियों के चलते योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैतृक गांव नहीं पहुंच पाए थे। उन्होंने उस समय अपने परिवार को भी अंतिम संस्कार में अपनी अनुपस्थिति बनाए रखने की बात कही थी।

वह समय एक बेटे के लिए कितना कठिन रहा होगा, इसकी कल्पना करना भी भावुक कर देता है। पिता को अंतिम विदाई न दे पाने की विवशता और वर्षों बाद मां को अपने सामने अंतिम विदाई देना, इन दोनों घटनाओं के बीच एक गहरी पारिवारिक संवेदना जुड़ी हुई है।
आज मां की अर्थी को कंधा देते और नम आंखों से अंतिम विदाई देते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें एक ऐसे बेटे की भावनाओं को सामने लाती हैं, जो सार्वजनिक जीवन में बड़ी जिम्मेदारियां निभाता है, लेकिन मां के बिछड़ने का दर्द उसके लिए भी उतना ही गहरा है जितना किसी सामान्य बेटे के लिए होता है।
पद और प्रतिष्ठा जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन मां-बाप का रिश्ता जीवन की सबसे अनमोल धरोहर है। माता-पिता का साया उठ जाने के बाद इंसान के पास उनकी यादें और उनका आशीर्वाद ही शेष रह जाता है।मां सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
