रिपोर्टर – अमान खान

सोनभद्र, 23 नवंबर। उत्तर प्रदेश पुलिस ध्वज दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन चुर्क में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विधिवत ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी। इसके साथ ही जनपद के समस्त थानों पर भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि पुलिस ध्वज विभाग के गौरवशाली इतिहास, अदम्य साहस, बलिदान और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है। यह पुलिसकर्मियों में गर्व, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की भावना को मजबूत करता है। इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस कलर का प्रतीकात्मक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

एसपी ने कर्तव्यपथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और शौर्य से पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा और मजबूत हुई है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।

संदेश में बताया गया कि 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा उत्कृष्ट कार्य एवं अद्वितीय प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया गया था। यह सम्मान प्राप्त करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना था।

इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी तथा पुलिस महानिदेशक का संदेश पुलिसकर्मियों को सुनाया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात/सदर सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक मोहम्मद नदीम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *