जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, विद्यालय परिवार और कस्बे में खुशी की लहर

रिपोर्ट:- मोहम्मद अशफाक

गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर कुकरा की होनहार बेटी इशरा ने जिला स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ब्लॉक बांकेगंज के कस्बा कुकरा स्थित कंपोजिट विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा इशरा ने जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 200 मीटर बालिका वर्ग की दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इशरा की इस शानदार सफलता से विद्यालय परिवार सहित पूरे कुकरा कस्बे और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रा की उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार वर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शिक्षकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने इशरा की मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अपनी प्रतिभा के दम पर जिला स्तर पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।

इशरा की इस उपलब्धि ने न केवल उसके विद्यालय बल्कि पूरे कुकरा क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। लोगों ने उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन करती रहेगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *