रिपोर्ट:- मोहम्मद अशफाक

गोला गोकर्णनाथ लखीमपुर खीरी। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचना उपलब्ध न कराना जनसूचना अधिकारी को भारी पड़ सकता है। मनु लॉ कॉलेज, लखीमपुर खीरी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से संबंधित सूचना उपलब्ध न कराने के मामले में उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग ने जनसूचना अधिकारी एवं कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, लखीमपुर खीरी को नोटिस जारी किया है।

प्राप्त अभिलेखों के अनुसार, गोला गोकर्णनाथ निवासी विपिन शाह ने मनु लॉ कॉलेज परिसर एवं कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की 10 फरवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक की फुटेज सीडी/पेनड्राइव में उपलब्ध कराने के संबंध में सूचना मांगी थी। निर्धारित समय में सूचना उपलब्ध न होने पर उन्होंने आयोग में अपील की।

मामले की सुनवाई के बाद राज्य सूचना आयोग ने 30 सितंबर 2026 को आदेश पारित करते हुए जनसूचना अधिकारी को निर्देश दिया कि आवेदक के मूल आवेदन के अनुरूप बिंदुवार संपूर्ण सूचना दो सप्ताह के भीतर पंजीकृत डाक से उपलब्ध कराई जाए।

आयोग ने आगामी सुनवाई 7 दिसंबर 2026 को निर्धारित करते हुए जनसूचना अधिकारी को सूचना उपलब्ध कराने के प्रमाण सहित व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। आयोग के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सूचना देने में लापरवाही अथवा पूर्व आदेशों का अनुपालन न करने की स्थिति में सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 की धारा 20(1) के तहत प्रतिदिन 250 रुपये की दर से अधिकतम 25 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।

वहीं, आयोग द्वारा 26 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में भी निर्धारित तिथि से पूर्व अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब देखना होगा कि आगामी सुनवाई से पहले संबंधित विभाग आवेदक को मांगी गई सूचना उपलब्ध कराता है या आयोग को इस मामले में आगे की कार्रवाई करनी पड़ती है।

2 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *