रिपोर्ट _मोहम्मद अशफाक
गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी। ग्राम पंचायत पूनभूग्रंट मजरा द्वारिकागंज में निजी खेत के अंदर सरकारी धनराशि से खड़ंजा लगाए जाने का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई के दायरे में आ गया है। वर्ष 2018 में खेत में लगाए गए कथित अवैध खड़ंजे को हटाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO), लखीमपुर खीरी ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), बांकेगंज को सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्रकरण ग्राम पंचायत पूनभूग्रंट, विकासखंड बांकेगंज, तहसील गोला गोकर्णनाथ के गाटा संख्या 789, रकबा 0.817 हेक्टेयर से संबंधित है। शिकायत के अनुसार, ग्राम प्रधान श्रीमती नजमा खान और तत्कालीन ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ब्रजेश सविता द्वारा वर्ष 2018 में कथित तौर पर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग करते हुए निजी खेत में खड़ंजे का निर्माण कराया गया था।
इस मामले में प्रार्थी द्वारा सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत 5 फरवरी 2026 को आवेदन देकर क्षेत्रीय लेखपाल एवं क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक की जांच आख्या और संबंधित अभिलेख प्राप्त किए गए। प्राप्त जांच आख्या एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 21 नवंबर 2026 को जिला पंचायत राज अधिकारी, लखीमपुर खीरी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।
प्रकरण में प्रस्तुत साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने ADO पंचायत, बांकेगंज को निर्देशित किया है कि संबंधित खेत में लगाए गए खड़ंजे को हटाने के संबंध में सात दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय को सूचना उपलब्ध कराएं।
अब बड़ा सवाल यह है कि वर्ष 2018 में निजी खेत में सरकारी धनराशि से खड़ंजा कैसे बनवाया गया और यदि निर्माण में अनियमितता हुई थी तो अब तक जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
फिलहाल जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश के बाद निगाहें बांकेगंज ब्लॉक के पंचायत विभाग पर टिकी हैं। देखना होगा कि सात दिनों की निर्धारित अवधि में खड़ंजा हटाने की कार्रवाई होती है या मामला एक बार फिर प्रशासनिक फाइलों तक सीमित रह जाता है।
