रिपोर्ट: ओमप्रकाश पाठक

                हाथरस साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी से मुख्य आरोपी बिकुल कुमार उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है।

मामला तब प्रकाश में आया जब पंजाब नेशनल बैंक के एक सहायक मैनेजर ने शिकायत दर्ज कराई। आरोपी ने उनसे करीब साढ़े 16 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने उन्हें पीएनबी मेटलाइफ टर्म प्लान में एजेंट कोड हटाने के लिए 25,000 रुपए की मांग की।साथ ही हर महीने 6,000 रुपए मिलने वाली नई पॉलिसी का लालच दिया। पीड़ित ने IMPS से पैसे भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने पॉलिसी फाइल में कमी बताकर कई बार अलग-अलग खातों में पैसे मंगवाए।

पुलिस ने आरोपी से 5 मोबाइल फोन, 3 चेकबुक, 2 एटीएम, 4 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड, 3 मतदाता पहचान पत्र और 4,140 रुपए नकद बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि गिरोह फर्जी आधार कार्ड से बैंक खाते खोलता था। साइबर कैफे से लोगों को बीमा पॉलिसी और पैसे दोगुना करने का झांसा देकर रकम ट्रांसफर करवा लेता था। फिर मोबाइल नंबर बंद कर देता था।

गिरोह के शेष सदस्यों की तलाश…

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार, आरोपी फर्जी दस्तावेजों से सिम कार्ड भी प्राप्त करते थे। पुलिस गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *