रिपोर्ट-परवेज अहमद
लखीमपुर:विकास खण्ड मितौली के परिषदीय विद्यालय प्राथमिक विद्यालय खंजननगर ने अपने विद्यालय की छात्राओं का स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में अंतिम रूप से चयन कराकर एक बार फिर से इतिहास रच दिया है l इससे पहले गत वर्ष भी प्राथमिक विद्यालय खंजननगर की छात्रा का चयन स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में चयन हुआ था l कहते है कि लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती यह सिद्ध करके दिखाया है विद्यालय के प्रधानाध्यापक सलीम अहमद ने । प्राथमिक विद्यालय खंजननगर के प्रधानाध्यापक सलीम अहमद की कड़ी मेहनत व मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्रा सरिता देवी पुत्री प्रदीप कुमार व पूजा देवी पुत्री सुनील कुमार का स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में जिम्नास्टिक खेल में प्रवेश के लिए अंतिम चयन हो गया है l प्रधानाध्यापक सलीम अहमद ने बताया कि छात्रा सरिता देवी व पूजा देवी पढ़ाई के साथ साथ खेल में भी अधिक रुचि रखती है । छात्राओं ने अपने खेल कौशल को विद्यालय स्तर से लेकर न्याय पंचायत स्तर , विकास खण्ड स्तर , जनपद स्तर खेलकूद में भाग लिया जिसमें अधिकतर प्रथम स्थान पर रही l स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए उत्तर प्रदेश कॉलेजेज सोसाइटी लखनऊ के अधीन संचालित परीक्षाओं में बालिकाओं ने दो चरण में प्रतिभाग किया जिसमें वह चयनित होकर उनका दाखिला गोरखपुर के बीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर में हो गया है । सरिता देवी के पिता प्रदीप कुमार मजदूरी करते है वहीं पूजा देवी के पिता इस दुनिया में नहीं है उनका पालन पोषण उनकी मां रामरती करती है । प्राथमिक विद्यालय खंजननगर से इस बार पांच छात्र छात्राओं ने स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन किया था जिसमें से दो छात्राओं का अंतिम चयन व तीन छात्र छात्राओं का प्रतीक्षा सूची में नाम है । अपनी इन छात्राओं के चयन से प्रधानाध्यापक सलीम अहमद व विद्यालय परिवार , छात्राओं के अभिभावक , ग्रामवासी व क्षेत्रवासी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे है ।
