मंडावर। रानीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के 45 वर्षीय योगेंद्र कुमार उर्फ चुहिया, पुत्र श्यामलाल, जो शुक्रवार दोपहर से लापता था।का शव मंगलवार शाम को गांव के ही एक किसान के खेत में लगे ट्रांसफार्मर पर रस्सी से लटकता हुआ पाया गया। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी और परिजनों में कोहराम मच गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगेंद्र कुमार शुक्रवार दोपहर को अपने घर से बिना किसी को बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार की शाम को लोगो द्वारा खेत में लगे ट्रांसफार्मर पर योगेंद्र का शव लटकता हुआ देखा और तत्काल इसकी सूचना मंडावर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजकुमार सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिजनौर भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह आत्महत्या है या हत्या का मामला।
योगेंद्र अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे दो बेटों और पत्नी सहित परिवार को रोता-बिलखता छोड़ गया है। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।


थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है, ताकि इस मामले की सच्चाई सामने आ सके।

इस घटना ने रानीपुर गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश? परिजनों और ग्रामीणों को अब पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जो इस रहस्य से पर्दा उठा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *