बरेली। वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल दरों में 4 प्रतिशत तक की कटौती की है। इसके साथ ही बरेली में प्रस्तावित रिंग रोड पर किसी भी तरह का टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा।

जिले में वर्तमान समय में बरेली-लखनऊ हाईवे (फरीदपुर), बरेली-दिल्ली हाईवे (फतेहगंज पश्चिमी) और बरेली-सितारगंज हाईवे (लभेड़ा) पर एनएचएआई के टोल प्लाजा संचालित हैं। अब इन टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।

प्राधिकरण की स्थानीय इकाई के प्रोजेक्ट मैनेजर अश्वनी चौहान ने बताया कि सामान्यत: टोल दरों में परिवर्तन अप्रैल माह में होता है, लेकिन इस बार थोक मूल्य सूचकांक (WPI) कम होने के चलते दरों को पहले ही घटा दिया गया है।

बरेली में प्रस्तावित रिंग रोड के संबंध में उन्होंने बताया कि यहाँ किसी प्रकार का टोल नहीं लिया जाएगा। इसके ऑपरेशन और मेंटेनेंस की जिम्मेदारी निर्माण कार्य करने वाली कंपनी को 15 वर्षों के लिए सौंपी जाएगी। निर्माण कार्य 31 अक्तूबर तक शुरू किए जाने की तैयारी है।

इसके लिए प्राधिकरण ने कार्यदायी संस्था आरपी इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिकारियों और विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी से बातचीत की है, ताकि समयसीमा के भीतर काम शुरू हो सके।

रिपोर्टर – गौरव कुमार, एम.डी. न्यूज़, बरेली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *