गौरीगंज, अमेठी
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरे मंशा गुजरटोला निवासी अंकित सिंह सोमवार दोपहर करीब 12 बजे काजीपट्टी से अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में पैंगा मोड़ स्थित एक दुकान पर रुकने के बाद जैसे ही वे निकले, तभी एसयूवी कार सवार सात बदमाशों ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर से गिरते ही बदमाशों ने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके शरीर से छह गोलियां निकालीं, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस दबाव देखकर आरोपी अपनी एसयूवी कार को गांधीनगर रोड स्थित हरदो के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुरानी रंजिश मानी जा रही है वजह
जानकारी के मुताबिक, करीब एक माह पूर्व अंकित जेल से जमानत पर रिहा हुए थे। बताया जा रहा है कि बीते 29 अगस्त 2024 की रात अंकित के गांव के पास कुछ लोगों ने उन पर हमला करने की कोशिश की थी। बचने के प्रयास में अंकित की कार से जिशान नामक युवक घायल हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
इस मामले में पुलिस ने अंकित समेत कई लोगों को जेल भेजा था, जबकि अंकित की तहरीर पर भी तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब इस गोलीकांड को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।”
