MD News बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना | मुजफ्फरनगर

लखनऊ। नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव होने जा रहे हैं। प्रदेश के 61 आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन दिया जाएगा। इनमें एसपी से लेकर डीजी रैंक तक के अधिकारी शामिल हैं। ये सभी प्रमोशन रिक्त पदों के सापेक्ष किए जाएंगे।
2012 बैच के 15 आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी रैंक में पदोन्नति मिलेगी, जिनमें 6 जिलों के वर्तमान पुलिस कप्तान शामिल हैं। प्रमोशन पाने वालों में सहारनपुर के एसएसपी आशीष तिवारी, मेरठ के एसएसपी विपिन टाडा, लखीमपुर खीरी के एसपी संकल्प शर्मा, पीलीभीत के एसपी अभिषेक यादव, मिर्जापुर के एसपी सोमेन बर्मा तथा गोरखपुर के एसएसपी राज करन नय्यर शामिल हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस सुजाता सिंह और सलमान ताज पाटिल को प्रोफार्मा प्रमोशन दिया जाएगा।
वहीं 2008 बैच के 6 डीआईजी अधिकारियों को आईजी रैंक में प्रमोशन मिलेगा, जबकि 2001 बैच के 3 आईजी अधिकारी एडीजी बनाए जाएंगे।
2026 में 6 अधिकारी बनेंगे डीजी
डीजी रैंक में प्रमोशन वरिष्ठता और रिक्तियों के आधार पर होगा। जैसे-जैसे मौजूदा डीजी अधिकारी रिटायर होंगे, उसी क्रम में एडीजी अधिकारियों को पदोन्नति दी जाएगी।
1 मार्च को डीजी संदीप सालुंके के रिटायरमेंट के बाद एडीजी प्रकाश डी. को डीजी बनाया जाएगा। इसके साथ ही एडीजी एल.वी. एंटनी देव कुमार तथा जय नारायण सिंह को भी डीजी रैंक में प्रमोशन मिलेगा।
1 मई को कानपुर जोन के एडीजी आलोक सिंह डीजी बनेंगे। इसके बाद 1 जून को गोरखपुर जोन के एडीजी मुथा अशोक जैन को डीजी पद पर प्रमोशन मिलेगा। अगस्त में उनके रिटायरमेंट के बाद लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर डीजी बनाए जाएंगे।
लखनऊ और अयोध्या के आईजी बनेंगे एडीजी
2001 बैच के आईपीएस अधिकारियों में लखनऊ रेंज के आईजी तरुण गाबा, अयोध्या रेंज के आईजी प्रवीण कुमार तथा कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के जॉइंट सीपी आशुतोष कुमार को प्रमोशन देकर एडीजी बनाया जाएगा।
32 अधिकारी एसपी से एसएसपी बनेंगे
2013 बैच के 32 आईपीएस अधिकारियों को एसपी से एसएसपी पद पर प्रमोशन दिया जाएगा। इसमें प्रदेश के कई जिलों में तैनात अधिकारी शामिल हैं।
दिसंबर के अंत में होगी डीपीसी बैठक
इन सभी प्रमोशनों को लेकर दिसंबर के अंत में विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव करेंगे, जबकि प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी भी इसमें शामिल रहेंगे।
राजीव कृष्ण के स्थायी डीजी बनने का
रास्ता होगा साफ
मौजूदा कार्यवाहक डीजीपी राजीव कृष्ण फिलहाल वरिष्ठता सूची में सातवें स्थान पर हैं। 30 जून को डीजी आलोक शर्मा के रिटायर होते ही वे टॉप-3 में आ जाएंगे, जिससे उनके स्थायी डीजीपी बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed