
सिद्धार्थनगर में सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारम्भ, आयुक्त बस्ती मंडल ने किया उद्घाटन
(रिपोर्ट,सूरज गुप्ता) सिद्धार्थनगर, 22 दिसम्बर 2025।
जनपद स्तर पर सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्धार्थनगर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुक्त बस्ती मंडल बस्ती श्री अखिलेश सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल, सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल एवं नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के अध्यक्ष गोविन्द माधव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम स्थल पर एनसीसी एवं स्काउट-गाइड के बच्चों द्वारा बैंड-बाजे के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर सांसद खेल महोत्सव का विधिवत शुभारम्भ किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उसका बाजार की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं शिव तांडव स्तुति तथा केन्द्रीय विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि आयुक्त बस्ती मंडल श्री अखिलेश सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर खेल महोत्सव के शुभारम्भ की घोषणा की गई तथा गुब्बारे उड़ाए गए। इसके बाद मार्च पास्ट की सलामी ली गई और मशाल प्रज्ज्वलन किया गया। राज्य स्तरीय खो-खो चैम्पियन खिलाड़ी द्वारा मशाल लेकर मैदान की परिक्रमा की गई। व्यायाम शिक्षिका सीमा मिश्रा द्वारा खिलाड़ियों को क्रीड़ा शपथ दिलाई गई।
अपने संबोधन में आयुक्त बस्ती मंडल श्री अखिलेश सिंह ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे खिलाड़ी जिला, राज्य व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करें।
सांसद डुमरियागंज श्री जगदम्बिका पाल ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव का आयोजन चार दिवसीय है तथा पिछले पाँच वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक व तहसील स्तर पर चयनित खिलाड़ी जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खेल को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने कहा कि खेल मानसिक व शारीरिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में खेल को शामिल करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन एवं नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द माधव ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथियों द्वारा उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात खो-खो (बालिका वर्ग) एवं ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं का शुभारम्भ किया गया। अंत में सांसद प्रतिनिधि द्वारा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी विनय कुमार राव, भाजपा पदाधिकारी, कोच एवं व्यायाम शिक्षक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
