जिला संवाददाता -विशाल गुप्ता

बाराबंकी के लाजपत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशपर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

प्रकाशपर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारे में पिछले कई दिनों से स्त्री संगत द्वारा सुखमनी साहिब जी का पाठ किया जा रहा था, जिसका समापन आज हुआ। इसके अतिरिक्त, एक सप्ताह से प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें संगत द्वारा भजन-कीर्तन और गुरु जसगायन किया गया।

तैयारियों के तहत श्री अखंड पाठ साहिब का पाठ भी किया गया। आज सुबह नितनेम साहिब जी का पाठ हुआ, जिसके बाद 11:30 बजे से हजूरी रागी जत्था भाई तीरथ सिंह सोढ़ी जी द्वारा जसगायन प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत एक विशेष कीर्तन दीवान भी सजाया गया।

प्रकाशपर्व की तैयारियों को लेकर गुरुद्वारे में सुबह से ही हर्षोल्लास का माहौल रहा। बच्चे और महिलाएं सभी सेवाओं में सक्रिय रूप से लगे हुए थे। कुछ लोग फूलों की सेवा कर रहे थे, तो कुछ पूरे गुरुद्वारे की साफ-सफाई में जुटे थे।

कार्यक्रमों के समापन पर आनंद साहिब का पाठ किया गया और अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। इस लंगर में सभी धर्मों के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर व्यापारी नेता सरदार चरनजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुरु गोबिंद सिंह जी के बच्चों के शहीदी दिवस को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित करने और दिल्ली में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद दिया।

इस दौरान प्रधान सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार चरनजीत सिंह, सरदार राजदीप सिंह और सरदार अवतार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed