MD News बहुआयामी समाचार चैनल
रिपोर्टिंग इंचार्ज – रवि रावत (फतेहपुर), बाराबंकी
बाराबंकी।
जनपद बाराबंकी के देवा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गोदहा के बेराहरा गांव में देर रात चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित खलिहान में खड़ी एक ट्रॉली चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित रामनरेश पुत्र मेवा लाल ने बताया कि खलिहान में लगभग आधा दर्जन ट्रॉलियां खड़ी थीं, जिनमें से उनकी ट्रॉली रात के अंधेरे में चोरी हो गई। सुबह जब वह घर से बाहर निकले और मैदान की ओर देखा तो उनकी ट्रॉली मौके से गायब थी, जिससे चोरी की जानकारी हुई।
घटनास्थल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर दो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें से एक कैमरा निजी मकान में लगा है, जबकि दूसरा कैमरा सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मिशन त्रिनेत्र’ योजना के तहत स्थापित किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार सरकारी कैमरे में कई महीनों से रिचार्ज नहीं था, जिस कारण वह निष्क्रिय पड़ा रहा और चोरी की घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी।
पीड़ित ने तत्काल आपातकालीन सेवा 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि मिशन त्रिनेत्र योजना का उद्देश्य गांवों में चोरी व आपराधिक घटनाओं पर निगरानी रखना था, लेकिन ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव की कथित लापरवाही के चलते कैमरों का समय से रिचार्ज नहीं कराया गया, जिससे यह योजना निष्प्रभावी साबित हो रही है।
इस मामले में थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मिशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र सक्रिय कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *