भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने पार्टी कार्यालय पर की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
कार्यकर्ताओं से समन्वय और सक्रियता पर दिया जोर, सोशल मीडिया पर भी रहें एक्टिव
रामपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित एवं देशभक्त संगठन है और कार्यकर्ता उस संगठन की शक्ति हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सभी के साथ समन्वय स्थापित कर सक्रियता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने सभी से सोशल मीडिया भी एक्टिव रहने की अपील की।
राम विहार स्थित भाजपा कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, कार्यशैली और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की। जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और विचारधारात्मक संगठन है, जिसकी शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाए और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान के लिए प्रयास करे। बैठक में संगठन की कार्यशैली पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष ने समयबद्ध कार्य, नियमित बैठकें, जनसंपर्क और सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है, जिससे जनता का विश्वास पार्टी पर और मजबूत हो। इस अवसर पर आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एकजुट प्रयासों से ही संगठन अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकता है। इस अवसर पर जिला महामंत्री रविंद्र सिंह रवि, अशोक विश्नोई, जगपाल सिंह यादव, मोहन कुमार लोधी, तरनदीप सिंह ग्रोवर, संजय चौधरी, प्रदीप गुप्ता, रघुवीर सिंह सागर, अर्जुन रस्तोगी आदि उपस्थित रहे।

