
कांग्रेस के महानगर उपाध्यक्ष सतनाम सिंह को पुलिस ने आज फिर किया हाउस अरेस्ट।
रामनगर। कांग्रेस पार्टी के वाराणसी महानगर उपाध्यक्ष सतनाम सिंह सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक प्रमुख नेताओं को पुलिस ने आज अल सुबह उनके घरों में नजर बंद कर दिया है। पुलिस को इस बात की आशंका थी कि कांग्रेस पार्टी की छात्र इकाई के नेताओं के आह्वाहन पर आज फिर बनारस में कोई बड़ा आंदोलन हो सकता है। इसी के चलते पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया और वाराणसी महानगर सहित जनपद के कई प्रमुख नेताओं को उनके घरों में नजर बंद कर दिया गया है। सतनाम सिंह ने अपने निवास से जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश व केंद्र की सरकार तानाशाह और प्रशासन निरंकुश हो गया है। सरकार विपक्ष और जनता की आवाज को दबाकर जनता के हितों को तथा संविधान और लोकतंत्र को बलपूर्वक लाठी डंडी के बल पर कुचलना चाहती है।भाजपा सरकार ने देश में अघोषित आपातकाल लागू कर रखा है। उन्होंने कहा कि जनहित और संवैधानिक अधिकारों की बात करने वाले नेताओं और नागरिकों को प्रदेश और केंद्र की भाजपा सरकार प्रताड़ित कर रही है। इस तानाशाही सरकार के खिलाफ कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूती के साथ संघर्ष करता रहेगा।
लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए सरकार कितना भी दमन चक्र चला कर प्रताड़ित करे। कांग्रेस का कार्यकर्ता तानाशाही सरकार के सामने झुकने का काम नहीं बल्कि डटकर लड़ने का काम कर रहा है और करता रहेगा ।
