बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर बुधवार सुबह मिश्रीपुर मुकईया के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो छात्रों समेत तीन लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला संख्या आठ साहबगंज निवासी अयान पुत्र अशफाक अपने भाई हारून तथा परिवार के ही अरमान पुत्र इरफान को बाइक से मुजरिया चौकी स्थित कृषि इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने ले जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे वे परीक्षा केंद्र के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक मिश्रीपुर मुकईया गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में बाइक असंतुलित हो गई और सड़क पर फिसल गई। अचानक हुए हादसे में तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन तीनों को उपचार के लिए बिल्सी सरकारी अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सक डा.अनिल कुमार गुप्ता ने प्राथमिक उपचार के बाद हारून और अरमान की हालत सामान्य बताते हुए उन्हें परीक्षा देने की अनुमति दे दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *