एम डी न्यूज़ अनिल यादव मवई अयोध्या की रिपोर्ट

आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस के निर्देशन में पटरंगा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न गांवों में व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और ग्रामीणों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने सीवन, वाजिदपुर, कोपरपुर, खंड पिपरा, जुनेदपुर, घरौंडा, कादौरा, गेरोड़ा और कोपेपुर सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनका हाल-चाल जाना तथा त्योहारों को मिल-जुलकर, शांति और सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया।
गांवों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा का सकारात्मक संदेश गया और लोगों में विश्वास की भावना मजबूत हुई। फ्लैग मार्च के दौरान हल्का प्रभारी दिनेश चंद्र यादव, उप निरीक्षक प्रवीण शुक्ला, कांस्टेबल दयानंद, कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव तथा कांस्टेबल अवनीश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने स्पष्ट कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक एकता और गंगा-जमुनी तहजीब के प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पटरंगा क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और जनसंपर्क अभियान की ग्रामीणों ने सराहना की। लोगों ने भरोसा जताया कि प्रशासन की सतर्कता और जनता के सहयोग से इस वर्ष भी होली और रमजान का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ संपन्न होगा।
त्योहारों की खुशियों के बीच पटरंगा पुलिस का यह सक्रिय और संवेदनशील कदम निश्चित रूप से क्षेत्र में सुरक्षा और सौहार्द का मजबूत संदेश दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *