जनपद मुजफ्फरनगर के थाना बुढाना पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार जनपद में वांछित व वारंटी अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एसपी आदित्य बंसल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी बुढाना सीओ गजेंद्र पाल सिंह के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सुभाष अत्री के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सावेज उर्फ जिद्दी पुत्र जाबिर निवासी नदी वाला मंदिर के पास, कस्बा व थाना बुढाना तथा अरसद उर्फ निन्ना पुत्र राशिद उर्फ पीरू निवासी लुहसाना रोड सफीपुर पट्टी, कस्बा व थाना बुढाना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार 07 जनवरी 2026 को वादी द्वारा थाना बुढाना में लिखित तहरीर दी गई थी कि उक्त आरोपियों ने उसे घर से बुलाकर स्टेट बैंक वाली मार्केट में ले जाकर उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू से हमला कर दिया था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना बुढाना पर मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 धारा 109(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
11 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने बुढाना–मंदवाड़ा मार्ग पर भट्टे के सामने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
उपनिरीक्षक छविकांत, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल गजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल गौरव कुमार व कांस्टेबल विजय कुमार शामिल रहे।

