कांग्रेस नेताओं के साथ मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज, इंडिया गठबंधन के संदर्भ में भी लगाए जा रहे कयास*
रामपुर।
जनपद की सियासत में बुधवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब पूर्व विधायक संजय कपूर कांग्रेस नेताओं के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद आज़म खान के आवास पहुंचे और उनकी पत्नी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक संजय कपूर ने जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित”, शहर अध्यक्ष भाकर अली खान तथा जिला सोशल मीडिया प्रभारी नोमान मुमताज खान के साथ आज़म खान के आवास पहुंचकर उनके परिवार का हालचाल जाना और कुछ समय तक बातचीत की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय कपूर ने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। उन्होंने कहा कि रामपुर की पहचान हमेशा से भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब के लिए रही है। आज भी समाज में संवाद और आपसी सम्मान बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों में जनता से जुड़े मुद्दों पर संवाद जरूरी है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी जिम्मेदार लोगों को आगे आना चाहिए।
प्रतिनिधि मंडल ने दी त्योहारों की शुभकामनाएं
मुलाकात के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने आज़म खान के परिवार को आने वाले पावन पर्व होली की हार्दिक बधाई दी, साथ ही भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक पर्व ईद उल फ़ित्र की अग्रिम शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं। प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि रामपुर की गंगा-जमुनी संस्कृति में सभी त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाते हैं और यही इस शहर की असली पहचान है।
हालांकि इसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक जानकार इस मुलाकात के अलग-अलग मायने भी निकाल रहे हैं। रामपुर की सियासत में लंबे समय से प्रभाव रखने वाले मोहम्मद आज़म खान के परिवार से इस तरह की मुलाकात को कई लोग आने वाले समय की राजनीतिक गतिविधियों से भी जोड़कर देख रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा समय में जब राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों का इंडिया अलायंस भाजपा के खिलाफ साझा रणनीति पर काम कर रहा है, ऐसे में विभिन्न दलों के नेताओं के बीच संवाद और संपर्क की इन मुलाकातों को भी उसी व्यापक राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में देखा जा रहा है।
स्थानीय जानकारों का कहना है कि प्रदेश की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में इस तरह की शिष्टाचार मुलाकातें भविष्य के संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और भी तेज कर देती हैं।
मुलाकात के दौरान मौजूद कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमिल कुमार शर्मा “निक्कू पंडित”, ने भी सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और जनहित के मुद्दों पर मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।



