बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का सोमवार को लखनऊ से आई कायाकल्प टीम ने यहां पहुंच कर वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई कमियां सामने आने पर टीम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। कायाकल्प टीम में शामिल डॉ. संदीप गुप्ता और डॉ. पूजा चौहान ने सबसे पहले अस्पताल के औषधि कक्ष में जाकर स्टाक रजिस्टर और इमरजेंसी कक्ष का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और कई अभिलेखों की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने पर टीम ने नाराजगी जताई। साथ ही सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। औषधि कक्ष में दवाइयों का रख-रखाव संतोषजनक न मिलने पर भी टीम ने नाराजगी जाहिर की और शीघ्र व्यवस्थाओं को सुधारने के आदेश दिए। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, डॉ. पीके शर्मा, सुमन शर्मा, राजकुमार मौर्य, सुनील शर्मा सहित अन्य स्टाफ स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *