कार्यक्रम का शुभारम्भ लखनऊ स्थित लोक भवन से आयोजित मा० मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देख। तथा मा० मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन को सुना गया।
इस अवसर पर मा० विधायक श्रीमती राजबाला ने कहा कि सरकार सर्वहिताय के मूलमंत्र पर कार्य करते हुए समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषकों, महिलाओं एवं वृद्धजनों के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि आवास, पेंशन, ऋण मोचन तथा आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं से आमजन को लाभ मिल रहा है।
मा० भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार के नौ वर्ष सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन के प्रतीक हैं। सरकार द्वारा पारदर्शी एवं बिना भेदभाव के योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे आमजन का विश्वास निरंतर बढ़ा है। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद स्तर पर 09 दिवसीय प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं, जहां योजनाओं की विस्तृत जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभ प्राप्त करने की विधि के बारे में आमजन को अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने हेतु मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत श्री सुब्हान खां को आरओ वाटर प्लांट के लिए 05 लाख रूपये, श्री ढाकनलाल को आईस्क्रीम बनाने हेतु 2.5 लाखए श्री कृष्णपाल को बुटीक हेतु 02 लाख रूपये की धनराशि के डेमो चेक प्रदान किए। राज्य ग्रामीण अजीविका मिशन के तहत रानी स्वयं सहायता समूह सहित 07 स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अन्तर्गत धैर्य, अंश जैन, कल्पना, ऋषि श्रीवास्तव, ईशा मार्टिन, पिंकी कश्यप को जोड़ा गया है। 07 निराश्रित महिलाओं को पेंशन योजना से लाभान्वित किया गया। श्रम विभाग द्वारा श्री राकेश, श्री धर्मवीर, श्री अब्दुल जब्बार को मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के अन्तर्गत 31000 रूपये एवं श्री संजीव कुमार को 26000 रूपये का चेक प्रदान किया।






